डोईवाला और विकासनगर से 9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, डीएम सविन बंसल का सख्त निर्देश

देहरादून: जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध उपयोग पर जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने शनिवार को डोईवाला और विकासनगर क्षेत्र के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी करते हुए कुल 09 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए।

जिलाधिकारी के निर्देशन में क्यूआरटी टीम द्वारा गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और आमजन को सुचारु आपूर्ति मिल सके।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने भी आज विभिन्न गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान बडोवाला स्थित बालाजी रिटेल आउटलेट पेट्रोल पंप का भी जायजा लिया गया। हीरा गैस एजेंसी से अन्य एजेंसियों पर गैस कनेक्शन ट्रांसफर की प्रक्रिया को लेकर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के अधिकारियों से चर्चा की गई।

जिला पूर्ति अधिकारी ने आईओसीएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की संख्या के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध रखे जाएं, ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा न हो।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट कहा कि गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसमें लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर आज एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 20 शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

आज की आपूर्ति

  • घरेलू गैस सिलेंडर: 15,987 उपभोक्ताओं को आपूर्ति
  • व्यावसायिक गैस सिलेंडर: 874 उपभोक्ताओं को आपूर्ति

वर्तमान में जिले में घरेलू एलपीजी का स्टॉक 30,492 तथा व्यावसायिक का 4,283 सिलेंडर उपलब्ध है। प्रशासन घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों का लोड लगातार बढ़ा रहा है।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी पूरी तरह रोकी जाए और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *