देहरादून: जनपद देहरादून के नगरीय क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों को लेकर जिलाधिकारी श्री सविन बंसल ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि तुरंत टीम गठित कर जिले भर के सभी होमस्टे, होटल, वेडिंग प्वाइंट्स तथा अन्य आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गैरकानूनी गतिविधियों, खासकर मादक पदार्थों में लिप्त पाए जाने वाले होमस्टे और होटलों की अब खैर नहीं है। ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीधे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार द्वारा जारी होमस्टे गाइडलाइंस के अनुसार चेकलिस्ट तैयार कर सभी इकाइयों का सघन निरीक्षण किया जाएगा और हर मानक का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
वर्तमान में जिले में कुल 1057 होमस्टे पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 350 नगरीय क्षेत्रों में संचालित हो रहे हैं। डीएम ने इन सभी की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही होमस्टे, होटल और वेडिंग प्वाइंट्स में ओकेजनल बार लाइसेंस जारी करने से पहले सभी शर्तों की गहन जांच की जाएगी। बिना लाइसेंस या निर्धारित समय के बाद मदिरा परोसने पर संबंधित स्वामी, लीजधारक या किरायेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आबकारी विभाग द्वारा न्यूनतम एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। आम जनता से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधि, बिना लाइसेंस मदिरा परोसने या किसी नियम के उल्लंघन की जानकारी मिले तो तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
यह बैठक मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, जिला पर्यटन विकास अधिकारी और जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में हुई।
