देहरादून: सहारनपुर चौक पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हिट एंड रन की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवती तनुजा डिमरी को जोरदार टक्कर मार दी और बिना रुके मौके से फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हो गई है, लेकिन अब तक आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, तनुजा का बिना ऑपरेशन ठीक होना संभव नहीं है। उनका ऑपरेशन सोमवार को होना तय है और पूर्ण स्वस्थ होने में करीब तीन महीने का समय लग सकता है।
इस घटना को और भी दिल दहला देने वाली बात यह है कि तनुजा की शादी 9 मई को तय थी। शादी के कार्ड बंट चुके थे और परिवार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। लेकिन इस हिट एंड रन ने परिवार की सारी खुशियों को एक पल में मातम में बदल दिया।
परिवार पहले से ही दुखों से घिरा हुआ है। करीब चार साल पहले तनुजा की मां की पहाड़ी से गिरकर अकाल मृत्यु हो गई थी। अब इस हादसे ने परिवार को फिर से गहरे सदमे में डाल दिया है। तनुजा के पिता रो-रोकर बुरा हाल हैं और अपनी बेटी की हालत को लेकर बेहद चिंतित हैं।
पीड़ित पिता ने मीडिया के माध्यम से पुलिस प्रशासन से अपील की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी को न्याय मिलना चाहिए, बस यही हमारी एकमात्र मांग है।”
पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
