उत्तराखंड को बड़ी सौगात! भूस्खलन प्रभावित सड़कों के सुधार के लिए केंद्र ने दिए ₹461 करोड़

  • मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार

देहरादून: केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में भूस्खलन से प्रभावित राष्ट्रीय राजमार्गों के सुधार और मरम्मत कार्यों के लिए 461 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा केंद्र सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस राशि में उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर 17 भूस्खलन प्रभावित स्थलों के उपचार के लिए 233 करोड़ रुपये तथा पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर 3 संवेदनशील स्थलों के सुधार के लिए 228 करोड़ रुपये शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि NH-134 चारधाम यात्रा का प्रमुख मार्ग है, जो यमुनोत्री धाम को जोड़ता है। इस मार्ग पर भूस्खलन के कारण बार-बार यातायात बाधित होता रहा है। प्रस्तावित कार्यों से इस मार्ग की स्थिरता बढ़ेगी और चारधाम यात्रा अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगी।

इसी प्रकार, NH-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर भूस्खलन संभावित स्थलों के उपचार से प्रदेश के दुर्गम एवं सीमांत क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। इससे स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी और सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग मजबूत बनेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने का कार्य निरंतर जारी है। यह स्वीकृति प्रदेश के समग्र विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

इस पहल से यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *