पुताई का काम करने वाला शातिर चोर 24 घंटे में गिरफ्तार, लाखों की नकदी जब्त

हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कार्यालय का शटर तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले शातिर आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मन्जुनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के त्वरित खुलासे के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह खुलासा किया।
घटना की पृष्ठभूमि
दिनांक 27 मई 2026 को वादी श्री विक्रम सिंह कनवाल, निवासी हिम्मतपुर तल्ला, हल्द्वानी द्वारा थाना मुखानी में तहरीर दी गई कि अज्ञात चोर ने बच्ची नगर नंबर-01 स्थित उनके कार्यालय का शटर उखाड़कर अंदर रखी लगभग ₹3,50,000 नकदी एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए हैं। तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में FIR No. 65/26, धारा 305(a)/331(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित जांच और ट्रेसिंग
मामले के अनावरण के लिए थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी।
गिरफ्तारी का ऑपरेशन
लगातार सर्च और निगरानी के दौरान दिनांक 28 मई 2026 को पुलिस टीम ने लामाचौड़ खास क्षेत्र के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ एवं सत्यापन में उसकी पहचान बबलू (31 वर्ष) पुत्र डोरी लाल, निवासी कालिका कॉलोनी, लोहारियासाल तल्ला, हल्द्वानी (मूल निवासी जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
बरामदगी और खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्त की तलाशी में पुलिस ने चोरी की गई रकम में से ₹3,17,500 नकद तथा वादी का आधार कार्ड बरामद किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी विभिन्न जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है।
चोरी की साजिश का खुलासा
जांच में सामने आया कि आरोपी पेंटिंग (पुताई) का कार्य करता है और पूर्व में इसी कार्यालय में कार्य कर चुका था। इसी दौरान उसने कार्यालय की रेकी कर वहां रखी बड़ी नकदी की जानकारी हासिल की थी। इसके बाद उसने लगभग 10 दिन बाद सुनियोजित तरीके से शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस टीम
थाना मुखानी पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल रोहित तथा कांस्टेबल पूरन सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *