देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस को मुंबई तक विस्तारित करेगा केंद्र

  • उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार
  • उत्तराखंड की रेल सुविधाओं के विस्तार को केंद्र की हरी झंडी

दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। देहरादून को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल सेवाओं से जोड़ने और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर केंद्र सरकार के रेल मंत्रालय ने सकारात्मक रुख अपनाया है।

उत्तराखंड सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्तावों पर रेल मंत्रालय ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इनमें देहरादून–कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस का मुंबई तक विस्तार सहित अन्य महत्वपूर्ण रेल सेवाओं के विस्तार से जुड़े सुझाव शामिल हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे पत्र में बताया है कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व में भेजे गए इन प्रस्तावों पर मंत्रालय गंभीरता से विचार कर रहा है। प्रस्तावों के परीक्षण के बाद आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

रेल मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर विस्तृत परीक्षण के बाद उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक पहल आगे बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड एक प्रमुख पर्यटन एवं तीर्थाटन वाला राज्य है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। साथ ही बड़ी संख्या में राज्य के लोग देश के विभिन्न महानगरों, विशेषकर मुंबई एवं पश्चिम भारत में निवास करते हैं। ऐसे में रेल सेवाओं का विस्तार राज्यवासियों, यात्रियों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे उत्तराखंड की रेल संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश के आर्थिक, पर्यटन एवं सामाजिक विकास को भी गति प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *