रुद्रप्रयाग से दुखद खबर: घास लेने जंगल गई महिला गदेरे में बही, गांव में छाया मातम

देहरादून/रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जंगल में घास लेने गई एक महिला का संतुलन बिगड़ने से वह उफनते गदेरे में बह गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची SDRF और रेस्क्यू टीम ने कड़े मशक्कत के बाद महिला का शव बरामद कर लिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

आपदा कंट्रोल रूम, रुद्रप्रयाग से मिली जानकारी के अनुसार, बड़मा क्षेत्र के ग्राम स्वारा (नामी तोक) के पास तिमली में एक महिला घास काटने के लिए जंगल गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने के कारण वह गहरे गदेरे में जा गिरी और पानी के तेज बहाव में बह गई।

घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट अगस्त्यमुनि की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा जल पुलिस और DDRF टीम को भी खोज एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर भेजा गया।

SDRF और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से गदेरे में सघन सर्च अभियान चलाया गया, जिसके बाद महिला का शव बरामद कर बाहर निकाला गया।

मृतका की पहचान श्रीमती विनीता देवी (पत्नी हिम्मत सिंह नेगी), निवासी ग्राम कोटी, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद दुर्घटना के बाद मृतका के परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *