बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में शनिवार सुबह गडेरा क्षेत्र पंचायत सदस्य तारा सिंह कोरंगा का शव उनके घर के नीचे खीरगंगा नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
48 वर्षीय तारा सिंह कोरंगा के मकान की तीसरी मंजिल पर रहते थे। घटना वाली रात वे अकेले थे, पत्नी और माता-पिता गांव गए हुए थे। सुबह पड़ोस की तीन वर्षीय बच्ची सोनी के बरामदे में मुंह धोते वक्त घर के नीचे नदी किनारे एक शव नजर आया। बच्ची ने मां को बताया। आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। शव की पहचान तारा सिंह पुत्र मोहन सिंह कोरंगा की हुई।
पुलिस ने तत्काल SDRF टीम को बुलाया। उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में टीम ने नदी किनारे से शव को बरामद कर सड़क पर पहुंचाया और जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
तारा सिंह कोरंगा पिछले पंचायत चुनाव में गडेरा क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गए थे। वे शांत स्वभाव के जनप्रतिनिधि माने जाते थे। उनका परिवार – माता-पिता, पत्नी, दो बेटियां और एक इकलौता बेटा – सदमे में है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है।
