क्लेमेंटटाउन में पत्नी की हत्या का आरोपी पति मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार

  • तमंचे से दो फायर कर काजल की हत्या का आरोप, वारदात में प्रयुक्त हथियार और कारतूस बरामद

देहरादून: क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दून पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात के समय पहनी गई शर्ट बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि धीरज नामक व्यक्ति का अपनी पत्नी काजल से विवाद और हाथापाई हुई थी। इसी दौरान गोली लगने से उसकी पत्नी घायल हो गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला बिस्तर पर मृत मिली। उसके सिर और पेट पर गोली के निशान थे। मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पवार, निवासी ईदगाह के सामने, सुभाष नगर, राणा मार्ग के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतका के भाई की तहरीर पर क्लेमेंटटाउन थाने में धीरज पवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी धीरज पंवार उर्फ लल्लू (30) निवासी मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका विवाह करीब 12 वर्ष पहले काजल से हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। पिछले करीब एक वर्ष से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार, पिछले तीन महीने से पत्नी उसे घर और बच्चों से दूर रख रही थी। करीब एक माह पहले उसे पत्नी द्वारा तलाक की तैयारी किए जाने की जानकारी मिली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी की हत्या की योजना बनाई और सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा। वारदात से एक रात पहले वह सहारनपुर से देहरादून पहुंचा और घटनास्थल के पास निर्माणाधीन भवन में छिपकर मौका देखता रहा। सुबह उसने घर में लगे टीन के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बिस्तर पर सो रही पत्नी पर दो फायर कर मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *