देहरादून: नगर निगम की भाजपा पार्षद अमिता सिंह के बसंत विहार स्थित घर में नशीला पदार्थ खिलाकर लूट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि घरेलू सहायक ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सदस्यों को बेहोश कर दिया। इसके बाद अपने दो साथियों के साथ घर में रखे आभूषण, नकदी और एक पिस्तौल लेकर फरार हो गया। घटना में पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। विजय पार्क वार्ड की पार्षद अमिता सिंह नगर निगम से शाम को घर लौटी थीं। रात में परिवार के सदस्यों ने खाना खाया, जिसके बाद सभी बेसुध हो गए। आरोप है कि इसी दौरान घरेलू सहायक ने अपने दो साथियों को घर में बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने अलमारी के लॉकर खोलकर आभूषण, नकदी और अन्य सामान समेट लिया।
बुधवार सुबह करीब चार बजे बच्चों ने अमिता सिंह के पति महिपाल सिंह को घर में चोरी होने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार को घटना का पता चला। अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नजदीकी सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर कैबिनेट मंत्री खजानदास समेत कई पार्षद अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। भाजपा पार्षद नंदिनी शर्मा के अनुसार, वारदात में घरेलू सहायक के साथ दो अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
पति बोले- जाग जाते तो परिवार की जान को भी खतरा था
महिपाल सिंह ने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े दस बजे नगर निगम गए थे और शाम साढ़े पांच बजे घर लौटे। घर पर चाय पीने के बाद वह बाहर चले गए थे। बाद में लौटने पर रात करीब साढ़े आठ बजे खाना तैयार था। घरेलू सहायक ने उन्हें दाल, रोटी और मिर्ची मखनी परोसी। इसके बाद उन्होंने अमिता सिंह को भी खाना खिलाने और कुत्तों को खोलने के लिए कहा।
महिपाल सिंह के अनुसार, सुबह बच्चों से घटना की जानकारी मिलने पर उन्हें पता चला कि घर के लॉकर खोले गए हैं। आरोपियों ने उनके पर्स से चाबी निकालकर अलमारी के दो लॉकर खोले। इनमें से एक लॉकर से पत्नी के सोने के आभूषण और करीब चार से पांच लाख रुपये नकद गायब हैं। इसके अलावा एक पिस्तौल भी चोरी हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि परिवार के सदस्य जाग जाते और विरोध करते तो आरोपी उनके साथ गंभीर वारदात भी कर सकते थे।
दिल्ली की कंपनी से रखा था घरेलू सहायक
महिपाल सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले ही दिल्ली की एक कंपनी के माध्यम से घरेलू सहायक को काम पर रखा गया था। वह नेपाल का रहने वाला बताया गया है। महिपाल सिंह के अनुसार, घरेलू सहायक ने एक दिन अपने मामा को भी घर बुलाने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने इसकी अनुमति नहीं दी थी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घर से गायब नकदी, आभूषण और अन्य सामान का विवरण जुटाया है। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस घरेलू सहायक और उसके साथियों की तलाश में जुटी है।
