पार्षद अमिता सिंह के घर लूट का खुलासा, दिल्ली से संचालित गैंग का आरोपी गिरफ्तार

  • नौकर बनकर घर में घुसे थे आरोपी, खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उड़ाई थी ज्वैलरी और नकदी

देहरादून: बल्लीवाला चौक निवासी भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ देकर ज्वैलरी और नकदी लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में नेपाली मूल के आरोपियों का गैंग शामिल था, जो दिल्ली से इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने गैंग के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नकदी बरामद की है। मामले में तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को महिपाल सिंह निवासी राज मार्केट, बल्लीवाला चौक ने बसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली की एक कंपनी के माध्यम से घर में काम करने के लिए बुलाए गए नौकर भरत थापा ने अन्य साथियों के साथ मिलकर खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया और इसके बाद घर से ज्वैलरी और नकदी चोरी कर ली।

मामले की जांच के लिए पुलिस ने टीमें गठित कीं। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पुलिस को घटना में चार अन्य लोगों के शामिल होने और एचआर नंबर की एक गाड़ी के इस्तेमाल की जानकारी मिली।

इसी आधार पर पुलिस ने छह अक्टूबर की रात आरोपी दिनेश सुनार (27) को घटना में प्रयुक्त आर्टिका कार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टैक्सी चलाने की आड़ में नेपाली मूल के अन्य साथियों के साथ आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य घरों में काम करने के बहाने पहले रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देते थे। दिनेश अपनी टैक्सी से आरोपियों को घटनास्थल तक पहुंचाने और वारदात के बाद वापस ले जाने का काम करता था।

पुलिस के मुताबिक, बसंत विहार की घटना के बाद दिनेश को उसके साथियों ने 50 हजार रुपये नकद दिए थे। चोरी का माल बिकने के बाद उसे बाकी हिस्सा देने की बात कही गई थी।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में घटना में शामिल अन्य आरोपियों के नाम भरत थापा, आदित्य, अभिषेक और एलेक्स सामने आए हैं। ये सभी मूल रूप से नेपाली बताए गए हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली समेत अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।