जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: हीरा गैस सर्विस के 14,000 गैस कनेक्शन ट्रांसफर

देहरादून: जनपद देहरादून में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर मैसर्स हीरा गैस सर्विस के सभी लगभग 14,000 गैस कनेक्शनों को निकटवर्ती दो गैस एजेंसियों—अनिल इंडेन गैस सर्विस और आर्केडिया इंडेन गैस सर्विस—में ट्रांसफर कर दिया गया है।

जिलाधिकारी के संज्ञान में लंबे समय से हीरा गैस सर्विस के विरुद्ध वितरण संबंधी अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जांच में अनियमितताएं पाई गईं। इससे पहले भी एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए यह कठोर कार्रवाई की गई है।जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी गैस एजेंसियों को शासन के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्यूआरटी टीम गठित, क्षेत्रवार निरीक्षण जारी

एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्रवार क्यूआरटी टीम गठित की गई है। आज इन टीमों ने विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया और गैस की मांग, आपूर्ति तथा अन्य गतिविधियों की समीक्षा की।

शिकायतें और उपलब्धता

जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों (1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप 7534826066) पर आज कुल 15 शिकायतें एलपीजी गैस आपूर्ति संबंधी दर्ज हुईं। कंट्रोलरूम में जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है।

आज जिले में लगभग 17,527 घरेलू और 970 व्यावसायिक गैस सिलेंडर की अतिरिक्त आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू एलपीजी का स्टॉक 35,167 तथा व्यावसायिक का 3,642 सिलेंडर उपलब्ध है। जिला प्रशासन लगातार लोड बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।

यह कार्रवाई आम उपभोक्ताओं के हित में की गई है और जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी उपभोक्ता गैस आपूर्ति से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *