महेश नेगी बने राष्ट्रीय खेलों के स्पेशल को ऑर्डिनेशन कमिश्नर

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व विधायक, राष्ट्रीय चैम्पियन और वर्तमान में ओलंपिक संघ उत्तराखंड के अध्यक्ष महेश नेगी को भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष और उड़न परी पीटी ऊषा ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान हैंडबॉल और बीच हैंडबॉल के लिए स्पेशल कोऑर्डिनेशन कमिश्नर नियुक्त किया है। इस खबर से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है।

खेलों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता
महेश नेगी ने अपनी नियुक्ति पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “उत्तराखंड 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। खेलों के समन्वय और प्रबंधन को सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। हमें खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।” उन्होंने कहा कि इनडोर हैंडबॉल और बीच हैंडबॉल के सफल आयोजन की जिम्मेदारी उनकी होगी, और वे इस आयोजन के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।सम्मान के लिए व्यक्त किया आभार
महेश नेगी ने भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा और एशिया फेंसिंग फेडरेशन के सचिव जनरल राजीव मेहता का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के खेल समुदाय के लिए है।

महेश नेगी की इस नियुक्ति से प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। यह कदम उत्तराखंड में खेलों के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सहायक सिद्ध होगा।

38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां जोरों पर हैं। महेश नेगी की भूमिका इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *