दिव्यांगजनों के लिए राज्य का पहला आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल बनेगा ऋषिकेश में…

  • जिलाधिकारी सविन बंसल ने जारी किए 62.67 लाख

देहरादून: देहरादून जिले में दिव्यांगजनों के खेल विकास और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में ऋषिकेश में राज्य का प्रथम आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल दिव्यांगजनों के लिए बनाया जा रहा है। इस हॉल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

जिला प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) मद से कुल 62.67 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें पहले चरण में 25.41 लाख रुपये नगर निगम ऋषिकेश को जारी कर दिए गए थे, जिस पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। अब शेष 37.26 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत कर दी गई है।

यह हॉल विशेष रूप से दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बुनियादी खेल सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। इस इंडोर हॉल से न केवल उनके शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस में सुधार होगा, बल्कि छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका भी मिलेगा।

डीएम के प्रयासों से ऐसे मेधावी दिव्यांग खिलाड़ी, जो सुविधाओं के अभाव में पीछे रह जाते थे, अब अपना हुनर दिखा सकेंगे और देश-राज्य का नाम रोशन कर सकेंगे। परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दिव्यांगजनों को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।

यह पहल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है और दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *