- ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों ने की तलाश, काशीपुर में रहता है परिवार, पुलिस जांच में जुटी
देहरादून/कालागढ़: उत्तराखंड के कालागढ़ में सिंचाई विभाग के शिविर प्रबंध खंड में तैनात अवर अभियंता अनिल कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को वह अपने आवास के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिले। प्रारंभिक जांच में बाथरूम में लगे गीजर से करंट लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार कालागढ़ की नई कॉलोनी में रहते थे। रविवार को उनकी ड्यूटी थी, लेकिन वह कार्यालय नहीं पहुंचे। इस पर विभागीय कर्मचारियों ने उन्हें फोन किया। कई बार कॉल करने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका तो कर्मचारियों ने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से संपर्क कर उनके आवास पर जाकर कुशलक्षेम जानने का अनुरोध किया।
पड़ोसी जब उनके घर पहुंचा तो अनिल कुमार बाथरूम में बेहोशी की हालत में पड़े मिले। इसकी सूचना मिलने पर विभागीय कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान उनकी मौत की पुष्टि हुई। उनके दाएं हाथ पर करंट लगने का निशान भी मिला।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार ममगाईं के अनुसार, अनिल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर बाथरूम में लगे गीजर से करंट लीक होने की आशंका है। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
काशीपुर में रहता है परिवार
अनिल कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम रूखुड़ियों के निवासी थे। उनका परिवार काशीपुर में रहता है। उनकी पत्नी और बेटी जसपुर, ऊधमसिंह नगर में रहते हैं, जहां उनकी बेटी पढ़ाई कर रही है। उनका बेटा लक्ष्य दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है।
अनिल कुमार की अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया। वहीं, विभागीय कर्मचारियों और परिचितों ने भी घटना पर दुख जताया।
