ऋषिकेश: प्रतिबंधित यूसुफ घाट पर नहाने के दौरान दिल्ली निवासी युवक गंगा मे डूब गया। एसडीआरएफ द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
आज दोपहर जिला कंट्रोल रूम, टिहरी से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि शिवपुरी क्षेत्र स्थित यूसुफ घाट (प्रतिबंधित क्षेत्र) के समीप गंगा नदी में एक युवक डूब गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम, ढालवाला तथा आपदा राहत दल आवश्यक रेस्क्यू एवं सर्च उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम द्वारा जानकारी प्राप्त की गई कि डूबने वाला युवक अपने छह अन्य दोस्तों के साथ दिल्ली से ऋषिकेश भ्रमण हेतु आया था। सभी युवक गंगा नदी के किनारे स्थित प्रतिबंधित घाट पर नहाने के लिए चले गए। इसी दौरान उक्त युवक ने गहरे पानी में तैरने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव एवं अधिक गहराई के कारण वह नदी में डूब गया।
युवक के साथ मौजूद उसके दोस्तों द्वारा उसे बचाने का प्रयास किया गया, किन्तु वे सफल नहीं हो सके। इसके पश्चात साथियों द्वारा तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर व्यापक सर्च अभियान प्रारंभ कर दिया। टीम द्वारा संभावित डूब क्षेत्र को चिन्हित कर गहन खोजबीन की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
डूबने वाले युवक की पहचान राहुल चौहान पुत्र सुभाष चौहान 25 वर्ष गदरपुर बॉर्डर, दिल्ली के रूप मे हुई।
एसडीआरएफ उत्तराखण्ड ने सभी पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की कि गंगा नदी अथवा अन्य जलस्रोतों के किनारे स्थापित चेतावनी बोर्डों एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूर्णतः पालन करें। प्रतिबंधित घाटों, खतरनाक जलक्षेत्रों तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से बचें। बिना स्थानीय जानकारी एवं पर्याप्त सुरक्षा उपायों के नदी में उतरना अथवा तैराकी करना जानलेवा साबित हो सकता है।
