देहरादून और मसूरी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, एमडीडीए बोर्ड ने 25 प्रस्तावों को दी मंजूरी

  • 114वीं बोर्ड बैठक में लैंड पूलिंग और होटल-उद्योग से जुड़े कई प्रस्तावों पर लगी मुहर
  • एमडीडीए बोर्ड का बड़ा फैसला: पर्यटन, उद्योग और लैंड पूलिंग से जुड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में देहरादून और मसूरी क्षेत्र के सुनियोजित व संतुलित विकास से जुड़े लगभग 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर गहन मंथन के बाद नियमानुसार मुहर लगाई गई। बैठक की शुरुआत में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने गढ़वाल आयुक्त आनन्द स्वरूप और बोर्ड के सभी सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई, जिसे बोर्ड ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

इस बैठक में क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए। विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर (परगना पछवादून) में एमडीडीए द्वारा लैंड पूलिंग योजना के अंतर्गत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित करने के प्रस्ताव को बोर्ड ने नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी। इसके साथ ही पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नए होटल, पर्यटन इकाइयों, रिटेल आउटलेट्स, औद्योगिक भवनों, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रमों, हॉस्टल्स और रेस्टोरेंट्स के निर्माण से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नए निवेश और रोजगार के अवसरों का सृजन होगा।बैठक के दौरान एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के संतुलित और नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। लैंड पूलिंग सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आमजन को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी सुविधाओं का लाभ मिल सके। वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी व प्रशासनिक प्रक्रिया को पूरा करते हुए विकास कार्यों को तय मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।इस महत्वपूर्ण बैठक में गढ़वाल आयुक्त एवं एमडीडीए अध्यक्ष आनन्द स्वरूप, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, संयुक्त सचिव वित्त के नामित प्रतिनिधि विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (एफ0आर0) के नामित प्रतिनिधि कृष्ण कुमार मिश्र, उप नगर आयुक्त के नामित प्रतिनिधि तनवीर सिंह, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक एस.एम. श्रीवास्तव, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता सौरभ शर्मा, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार सिंह तथा अधिशासी अभियंता शांति सिंह रावत व सुनील कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष आनन्द स्वरूप द्वारा सभी सम्मानित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *