देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राज्य के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सचिवों और जिलाधिकारियों को विशेष रूप से बहुमंजिला भवनों, अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, असुरक्षित निकासी मार्ग वाले परिसरों तथा तंग गलियों एवं रास्तों में स्थित इमारतों का अनिवार्य रूप से सघन स्थलीय सर्वेक्षण करने के आदेश दिए हैं। इस अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं के जोखिम को समय रहते चिन्हित कर उसे समाप्त करना है।
मुख्य सचिव ने शासन के सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सर्वेक्षण के उपरांत सभी आवश्यक अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा नियमों के पालन की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और फायर सेफ्टी मानकों के प्रति किसी भी स्तर पर उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
