12 मंडलों के 300 अधिकारियों का जुटान, NOINO के क्षेत्रीय अधिवेशन में नई कार्यकारिणी गठित

  • यूपी और उत्तराखंड के 12 मंडलों से करीब 300 अधिकारियों ने की सहभागिता
  • संजय गुप्ता क्षेत्रीय अध्यक्ष और संजीव दुबे महामंत्री निर्वाचित

देहरादून: नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंश्योरेंस ऑफिसर्स (NOINO) के उत्तर मध्य क्षेत्र का क्षेत्रीय त्रिवार्षिक अधिवेशन शनिवार को देहरादून स्थित एनजे पोर्टिको होटल, रिस्पना ब्रिज में संपन्न हुआ। अधिवेशन में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के 12 मंडलों से करीब 300 अधिकारी प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की चुनौतियों और अधिकारियों के हितों पर चर्चा के साथ संगठनात्मक चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए।

सुनील देवधर रहे मुख्य अतिथि

अधिवेशन में NOINO के संरक्षक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील देवधर मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, LIC के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक एसपी पंत, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अजयकांत शर्मा, NOINO के मुख्य सलाहकार गणेश कामत, ब्रह्मेश हार्दिकर, अखिल भारतीय महामंत्री राजेश दुबे, क्षेत्रीय महामंत्री संजीव कुमार दुबे और क्षेत्रीय अध्यक्ष संजय गुप्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्वलन एवं भारत माता, भगवान विश्वकर्मा और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण कर अधिवेशन की शुरुआत की गई। अधिवेशन भवन का नाम संगठन के वरिष्ठ सहयोगी पीएल सेमवाल की स्मृति में रखा गया।

क्षेत्रीय महामंत्री संजीव कुमार दुबे ने अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों और अधिवेशन के महत्व पर प्रकाश डाला। मेयर सौरभ थपलियाल ने LIC की सामाजिक एवं राष्ट्रीय भूमिका पर विचार रखे, जबकि अखिल भारतीय महामंत्री राजेश दुबे ने संगठन की जिम्मेदारियों और आगामी चुनौतियों पर चर्चा की।

LIC की चुनौतियों और अधिकारियों के हितों पर मंथन

अधिवेशन के ओपन सेशन में LIC के समक्ष मौजूद चुनौतियों एवं संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधियों ने बीमाधारकों, निगम, अधिकारियों और अभिकर्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए नीतियों एवं कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही निगम की सकारात्मक कार्यसंस्कृति और राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में उसकी भूमिका पर विचार रखे गए।

संगठन की सचिवीय रिपोर्ट में गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना का विवरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अतिथियों के साथ देहरादून मंडल के सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

संजय गुप्ता क्षेत्रीय अध्यक्ष, संजीव दुबे महामंत्री निर्वाचित

अधिवेशन में देहरादून मंडल और उत्तर मध्य क्षेत्रीय इकाई के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए।

देहरादून मंडल इकाई में महेश जोशी अध्यक्ष, हरीश चंद्र जोशी कार्यकारी अध्यक्ष और आशीष वर्मा सचिव निर्वाचित हुए। वहीं, क्षेत्रीय इकाई में संजय गुप्ता अध्यक्ष, कविता श्रीवास्तव कार्यकारी अध्यक्ष और संजीव कुमार दुबे महामंत्री चुने गए।

राष्ट्रहित के साथ कार्य करने का आह्वान

समापन सत्र में मुख्य अतिथि सुनील देवधर ने LIC की राष्ट्रीय विकास में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों से उत्तरदायित्व, सकारात्मक कार्यशैली और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि LIC की मजबूती देश की आर्थिक प्रगति एवं सामाजिक सुरक्षा से भी जुड़ी है।

मुख्य सलाहकार गणेश कामत ने निगम की वर्तमान स्थिति, संगठन की भूमिका और अधिकारियों की कार्यसंस्कृति पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं निगम के व्यापक हितों के लिए रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।

अधिवेशन को सफल बनाने में हरीश चंद्र जोशी, सौरभ नैथानी, महेश जोशी, विजयांकित धीमान, आशीष वर्मा, योगेश घनशाला और सेतु अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों एवं अधिकारियों का योगदान रहा। अधिवेशन का समापन संगठनात्मक एकजुटता और आगामी कार्ययोजना के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *