टिहरी: टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चंबा-कोटी मार्ग पर नैल के पास हुआ, जहां एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन (UK 09 TA 1799) में करीब 10 लोग सवार थे, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर घनसाली लौट रहे थे। जैसे ही वाहन नैल के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। घायलों में एक की पहचान उत्तम कुमार (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनका इलाज जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल स्वयं मौके के लिए रवाना हो गईं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे। फिलहाल प्रशासन मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।
