रुद्रपुर: ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर में सामने आए चर्चित गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
गैंगरेप की घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई और जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप तीनों आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए।
27 जुलाई की देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागने लगे। पीछा कर घेराबंदी किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने गैंगरेप प्रकरण में वांछित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरबाज उर्फ मानु (23 वर्ष), निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर, ऊधमसिंहनगर, जोगा सिंह (24 वर्ष) और रविंदर (19 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
इस बीच, 28 जुलाई को पुलिस गैंगरेप मामले में गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल का निरीक्षण कराने और साक्ष्य संकलन के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान दो आरोपियों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों को सुरक्षित दोबारा हिरासत में लेकर कोतवाली रुद्रपुर पहुंचा दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों के संबंध में भी अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की और मामले की प्रगति की जानकारी ली।
पुलिस का कहना है कि गैंगरेप प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
