- मंगलौर नहर पुल के पास बोरी में मिला शव
- महिला की पहचान में जुटी पुलिस, CCTV फुटेज भी खंगाली
हरिद्वार: रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में नहर पुल के पास बोरी में बंद महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया महिला की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
सुबह कूड़ा बीनने वालों ने नहर पुल के पास बोरी में शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। मंगलौर कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मामले की जानकारी मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को घटना के हर पहलू की गहनता से जांच करने और जल्द सुराग जुटाने के निर्देश दिए।
अभी नहीं हो सकी महिला की शिनाख्त
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मृतका की पहचान अभी नहीं हो सकी है। महिला की उम्र करीब 39 से 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस आसपास के थानों और क्षेत्रों से गुमशुदगी से संबंधित जानकारी जुटा रही है, ताकि महिला की पहचान की जा सके।
पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को बोरी में बंद कर नहर किनारे फेंका गया। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही महिला की पहचान और घटना से जुड़े संदिग्धों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में हर संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
