- आरोपी के कब्जे से B-GESIC के 10 और AVIL के 25 इंजेक्शन बरामद
- पुलिस जुटा रही आपराधिक इतिहास की जानकारी
हल्द्वानी: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 35 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से B-GESIC के 10 और AVIL के 25 इंजेक्शन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान 10 नवंबर 2026 को गौला पार्किंग कट स्थित यात्री शेड के पास पुलिस ने अनीस उर्फ वेदा (26) पुत्र रफीक निवासी दुर्गा मंदिर के पास, इंद्रानगर, बनभूलपुरा को संदिग्ध परिस्थितियों में चेक किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 35 इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें BUPRENORPHINE HYDROCHLORIDE के 10 B-GESIC इंजेक्शन और PHENIRAMINE MALEATE के 25 AVIL इंजेक्शन शामिल हैं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 191/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बबीता मेहरा, कांस्टेबल दिलशाद अहमद और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।
